निर्माणाधीन एआरटीओ भवन का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को निर्माणाधीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय भवन परिसर का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक सहित कई कार्य निर्धारित समयसीमा के बावजूद अधूरे मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाकर उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक समेत महत्वपूर्ण कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने और रिपोर्ट मिलने के बाद परियोजना का शीघ्र हस्तांतरण करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि एआरटीओ भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के शुरू होने से परिवहन विभाग की सेवाएं अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और जनहितकारी बनेंगी। इसलिए सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।
