जिलाधिकारी ने किया चार दिवसीय नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ


पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में नवांकुर नाट्य समूह द्वारा आयोजित चार दिवसीय नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों और आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और रंगमंचीय गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवांकुर नाट्य समूह बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार कला प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक और नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। जिलाधिकारी ने बच्चों को अपनी रुचियों को निरंतर विकसित करने और ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!