भटकती मिली नाबालिग बालिका को परिजनों से मिलाया

पौड़ी। कोटद्वार पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए अकेले भटकती मिली एक नाबालिग बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बालिका चौकी बाजार क्षेत्र में देर रात अकेली घूमती हुई मिली थी, जिसके बाद एक व्यक्ति ने उसे पुलिस के सुपुर्द किया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर घर से निकल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बाल कल्याण समिति को सूचना देकर बालिका को सुरक्षित पुनर्वास केंद्र में रखा। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और बालिका को सकुशल माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बेटी को सुरक्षित पाकर पुलिस का आभार जताया।
