कण्डोलिया इंडोर स्टेडियम में जल्द मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं, डीएम ने किया निरीक्षण

पौड़ी। पौड़ी स्थित कण्डोलिया इंडोर स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में कार्य तेजी से जारी है। शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्टेडियम और खेल कार्यालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। पूर्व में स्वीकृत धनराशि से लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त फ्लोरिंग को बदलकर आधुनिक फ्लोरिंग और कोर्ट मैट स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में चार बैडमिंटन कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं, जिनका कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर और सुरक्षित खेल वातावरण उपलब्ध होगा। जिलाधिकारी ने स्टेडियम परिसर की प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अतिरिक्त लाइटें लगाने, मुख्य प्रवेश द्वार पर फोकस लाइट और आकर्षक साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण, पाइपलाइन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, जालियों पर रंग-रोगन कराने तथा भवन के रखरखाव कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।
खेल सामग्री और उपकरणों के सुरक्षित रखरखाव के लिए कैबिनेट निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
