बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान कार्यों की समीक्षा कर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

रूद्र्रप्रयाग। बद्रीनाथ धाम को विश्वस्तरीय तीर्थ नगरी के रूप में विकसित करने के लिए चल रहे मास्टर प्लान कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सीवर निस्तारण, नदी तट सुरक्षा और तीर्थयात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि फेज-1 के अंतर्गत वन-वे लूप रोड, बीआरओ बाईपास रोड, सिविक एमेनिटी बिल्डिंग, शेषनेत्र लेक, बद्रीश लेक, आईएसबीटी भवन और टूरिस्ट मैनेजमेंट सेंटर सहित कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने अस्पताल विस्तार भवन, रिवरफ्रंट विकास और फेज-2 के तहत निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन, इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर, पैदल सेतु तथा तीर्थ पुरोहित आवासों के कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने धाम क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने और विकसित परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
