हेमकुण्ड साहिब यात्रा में 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


चमोली। 23 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक 55,411 श्रद्धालु श्री हेमकुण्ड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए चमोली पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
यात्रा के प्रमुख पड़ाव गोविन्दघाट में पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जबकि पुलना क्षेत्र में सीमित पार्किंग क्षमता को देखते हुए शटल सेवा संचालित की जा रही है। यात्रा शुरू होने से पहले डंडी-कंडी तथा घोड़ा-खच्चर संचालकों का पुलिस सत्यापन भी कराया गया।
पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात है, जो सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन भी दे रहा है। घांघरिया में एसडीआरएफ की टीम किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात है, जबकि एटीएस द्वारा भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। चमोली पुलिस के अनुसार यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों और प्रमुख पड़ावों पर सतत निगरानी के चलते हेमकुण्ड साहिब यात्रा और फूलों की घाटी भ्रमण सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!