बीएलओ, सुपरवाइजर एवं बीएलए को दिया प्रशिक्षण

हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत 35 हरिद्वार ग्रामीण एवं 27 ज्वालापुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का प्रशिक्षण बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुआ।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने प्रतिभागियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और सावधानी के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची शुद्धिकरण, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध कार्यवाही पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारी, बीएलओ, सुपरवाइजर और राजनीतिक दलों के बीएलए मौजूद रहे।
