सीएचसी रायपुर में आधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ


देहरादून। प्रदेशवासियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर में नई हाई-एंड कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। यह मशीन स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के सहयोग तथा ओएनजीसी के सीएसआर फंड से स्थापित की गई है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मशीन के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को उच्च गुणवत्ता की जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी, जिससे बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि यह मशीन गर्भावस्था संबंधी जांचों सहित विभिन्न आंतरिक रोगों के सटीक परीक्षण में उपयोगी सिद्ध होगी। साथ ही उन्होंने पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की बात भी दोहराई। स्थानीय विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सीएचसी रायपुर आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ टिहरी के सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने अस्पताल को 50 बेड की सुविधा से आच्छादित करने का अनुरोध भी किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के नीरज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, सीएचसी रायपुर की प्रभारी डॉ. इंदु पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!