कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने लिया जायजा, दिए निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों की सुविधा के लिए किए जा रहे इंतजामों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सफल संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के दृष्टिगत विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
