जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, 60 शिकायतों पर हुई सुनवाई


नई टिहरी। जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों पर सुनवाई की गई। कार्यक्रम में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, मुआवजा, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दरबार में सौंग बांध परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के प्रतिनिधियों ने पूर्ण मुआवजा, पुनर्वास और अन्य देय लाभ दिलाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चम्बा क्षेत्र की जर्जर सड़कों की शिकायत पर एनएच, बीआरओ और लोक निर्माण विभाग को तत्काल सुधार कार्य करने को कहा गया।
जाखणीधार क्षेत्र की ग्राम प्रधान रीना देवी द्वारा जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग पर जल निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं कण्डीसौड़ निवासी कौशा देवी की ऑल वेदर रोड परियोजना में अधिग्रहित संपत्ति का लंबित मुआवजा भुगतान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!