मोरी में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, 31 पर मुकदमा दर्ज

उत्तरकाशी। मोरी क्षेत्र में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन और नशामुक्त अभियान के तहत ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में छापेमारी कर लगभग 75 वर्गमीटर क्षेत्र में उगाई जा रही अवैध अफीम/पोस्त की फसल नष्ट की गई। मौके से पोस्त और डंठल के सैंपल भी एकत्र किए गए।
पुलिस ने बिना लाइसेंस अवैध खेती करने वाले 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
