टिहरी कलेक्ट्रेट में जनता दरबार, 29 से अधिक शिकायतें दर्ज

टिहरी गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने 29 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में गैस सिलेंडर आपूर्ति, कृषि विभाग भवन मरम्मत, भूमि विवाद, जल जीवन मिशन से वंचित परिवारों और वन विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी भी अधिकारियों से मांगी गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
