केदारनाथ यात्रा 2026 में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते भारी भीड़ के बावजूद यात्रा सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने के बाद से 3 मई सायं 5 बजे तक कुल 3,08,085 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं रविवार को एक ही दिन में 23,784 श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर पेयजल, चिकित्सा, ठहराव, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की गई है।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें हाई अलर्ट पर तैनात हैं। कंट्रोल रूम से यात्रा की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
