नीट-यूजी 2026 परीक्षा में 7 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

टिहरी। हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बी पुरम में आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत 173 अभ्यर्थियों में से 166 ने परीक्षा दी, जबकि 7 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा के निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन के लिए केंद्र प्रभारी हिमांशु नौटियाल व प्राचार्य प्रदीप थपलियाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम कमलेश मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
