डीपीएस रानीपुर में आयोजित सीबीएसई की सोशल इमोशनल लर्निंग कार्यशाला में दी जानकारी


हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में शनिवार को सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) देहरादून के तत्वावधान में सोशल इमोशनल लर्निंग एवं रिसोर्स पर्सन व प्रिंसिपल मीट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीबीएसई प्रशिक्षण इकाई के प्रोफेसर एवं निदेशक मनोज कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख सीओई देहरादून मनीष कुमार त्यागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस क्षमता निर्माण कार्यशाला में 120 से अधिक प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं प्रशिक्षकों ने भाग लिया। विषय विशेषज्ञों के रूप में अनीता रतूड़ी, मानसी सिंघल, संजीव जैन और राजेश देवरानी ने सोशल इमोशनल लर्निंग के विभिन्न पहलुओं पर रोचक सत्र लिए। डीपीएस रानीपुर के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों को छात्रों के सामाजिक, भावनात्मक और मानसिक विकास के लिए सक्षम बनाना आवश्यक है।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि क्षमता निर्माण कार्यशालाएं शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन और आधुनिक मूल्यांकन तकनीकों से परिचित कराती हैं। उन्होंने सीबीएसई सीओई देहरादून की कॉफी टेबल बुक 2025-26 का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्या अनुपमा श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. नीलम भट्ट एवं रचना यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!