चारधाम यात्रा के लिए 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स रवाना

टिहरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए टिहरी पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स को रवाना किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर यूनिट्स को यात्रा मार्गों के लिए रवाना किया। इनमें यातायात निदेशालय की 6, सीएसआर से प्राप्त 5 और अन्य 3 यूनिट्स शामिल हैं। ये बाइक यूनिट्स मार्गों पर गश्त कर यातायात नियंत्रण, जाम समाप्त करने और आपात स्थिति में सहायता उपलब्ध कराएंगी। ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को टोपी और रिफ्रेशमेंट वितरित किए गए, जबकि वॉलेंटियर्स को टी-शर्ट देकर पहचान सुनिश्चित की गई। एसएसपी श्वेता चौबे ने स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को चारधाम यात्रा के दौरान सतर्कता, संयम और सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए।
