एसपी ने किया कर्णप्रयाग कोतवाली का औचक निरीक्षण

चमोली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने मंगलवार को कोतवाली कर्णप्रयाग और बाजार चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन, बैरक, भोजनालय, आवासीय परिसर और शौचालयों का निरीक्षण करते हुए जहां-जहां टूट-फूट पाई गई, वहां तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। बरसात को देखते हुए सीलन की समस्या वाले कमरों को तकनीकी रूप से ठीक कराने को कहा, ताकि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और अभिलेख सुरक्षित रहें। एसपी ने पुराने फर्नीचर की मरम्मत और जर्जर सामान को बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए, क्योंकि बेहतर कार्य वातावरण में ही पुलिस बल प्रभावी ढंग से जनसेवा कर सकता है। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
