कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने उत्तराखंड को आयुष प्रदेश बनाने पर दिया जोर

टिहरी गढ़वाल। पंचायती राज, आपदा प्रबंधन, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में आयुष विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य को आयुष प्रदेश बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है। चंबा के दिखोलगांव में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि पहली बार चारधाम यात्रा को आयुष चिकित्सा से जोड़ा गया है और प्रमुख पड़ावों पर आयुष चिकित्सकों की तैनाती की गई है।
मंत्री ने पंचायतों को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से योजनाएं लागू की जा रही हैं। आपदाग्रस्त क्षेत्रों में तेजी से सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं और अधिकारियों को पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। लामणीधार में निर्माणाधीन 50 बेड आयुष अस्पताल की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। इस दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
