माँ धारी देवी मंदिर परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान, लापरवाही पर चेतावनी

श्रीनगर गढ़वाल। माँ धारी देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम और भागीरथी कला संगम के संयुक्त तत्वावधान में वृहद अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों की सफाई की गई तथा श्रद्धालुओं, साधु-संतों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
मेयर आरती भंडारी ने दुकानदारों और साधु-संतों को सख्त निर्देश दिए कि कूड़ा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, अन्यथा चालानी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में द हिमाद्रि फाउंडेशन ऋषिकेश और एनवायरनमेंट क्लब मेरठ के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। मेयर ने कहा कि मंदिर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण जरूरी है।
