स्लाइडिंग जोनों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, यातायात बाधित न करने के निर्देश


चमोली। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गोपेश्वर से ज्योतिर्मठ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने भनेरपानी, टंगणी, पातालगंगा और पागलनाला जैसे संवेदनशील स्लाइडिंग जोनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और मशीनरी तैनात रहे। साथ ही सड़क कार्य के दौरान मार्ग को 10 मिनट से अधिक बाधित न करने के सख्त निर्देश दिए गए।


यात्रा व्यवस्थाओं से प्रभावित श्रद्धालुओं ने की सराहना

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में संतोष और उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न राज्यों से पहुंचे यात्रियों ने प्रशासनिक प्रबंधन की खुलकर सराहना की। गाजियाबाद निवासी मोनू तोमर ने टोकन प्रणाली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को बेहद प्रभावी बताया। वहीं कर्नाटक के अधिवक्ता के दिवाकर ने हेली सेवाओं और भीड़ प्रबंधन की प्रशंसा की। रोहतक निवासी सोमवीर नैन ने भोजन और अन्य सुविधाओं को पर्याप्त बताया। श्रद्धालुओं ने कहा कि सरकार और प्रशासन के प्रयासों से यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बन रही है।


केदारनाथ धाम में पुलिस ने बीमार श्रद्धालु की बचाई जान

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में उत्तराखंड पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक बीमार श्रद्धालु की जान बचाई। देर शाम एक श्रद्धालु को ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति गंभीर होने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी आशीष और भारती जोशी तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर से ऑक्सीजन दी और प्राथमिक उपचार किया। हालत में सुधार होने पर श्रद्धालु को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद वह खतरे से बाहर है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।


श्रद्धालुओं ने एसपी से संवाद कर व्यवस्थाओं की सराहना की

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में उमड़ रहे श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है। पहले चार दिनों में सवा लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं। इस बीच यात्रियों के एक समूह ने पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए। श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में पुलिस व प्रशासन द्वारा बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है। रात्रि में भी सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए गए। उन्होंने कर्मियों के सेवा भाव और व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा व सुविधाओं के चलते यात्रा सुरक्षित और सुगम बन रही है।


केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 12 वाटर एटीएम स्थापित

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था मजबूत की है। यात्रा मार्ग पर 12 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं, जिनसे मात्र 1 रुपये में 1 लीटर शुद्ध पानी मिल रहा है। ये मशीनें ठंडा और गर्म दोनों प्रकार का पानी उपलब्ध करा रही हैं, जो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रियों के लिए राहत साबित हो रहा है। केदारनाथ, गौरीकुंड, सोनप्रयाग समेत प्रमुख पड़ावों पर लगे इन एटीएम से श्रद्धालुओं को सस्ता और सुरक्षित पेयजल मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक व सुविधा दोनों का लाभ मिल रहा है।


केदारनाथ मार्ग पर 100 से अधिक अतिक्रमण हटाए

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सघन अभियान चलाते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर 100 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर तहसीलदार बसुकेदार प्रणव पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मार्ग का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर घोड़े-खच्चर संचालकों के अवैध डेरों को हटाकर मार्ग को अवरोध मुक्त किया गया। साथ ही सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव देने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

तपोवन में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण, ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी

टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा शुरू होते ही टिहरी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र में भद्रकाली से तपोवन चौकी तक स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध यातायात सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

आस्का व पेलिकन लाइट की अतिरिक्त व्यवस्था

उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जानकी चट्टी से धाम तक चयनित स्थानों पर आस्का लाइट और पेलिकन लाइट की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, ताकि बिजली बाधित होने पर भी यात्रियों को परेशानी न हो। पुलिस और एसडीआरएफ की तैनाती के साथ इन लाइटों को स्थापित किया गया है। इसके अलावा पैदल मार्गों पर पानी, सफाई, बैठने की व्यवस्था और डस्टबीन भी उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!