24 मोबाइल बाइक टीमें रवाना, चारधाम यात्रा में सुरक्षा होगी मजबूत

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए चमोली पुलिस ने 24 मोबाइल बाइक टीमों को रवाना किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस मैदान से इन टीमों को हरी झंडी दिखाई।
यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए ये टीमें संकरे, संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में गश्त करेंगी। साथ ही यातायात सुचारू रखने, अपराध नियंत्रण और यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस पहल से यात्रा मार्गों पर निगरानी मजबूत होगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित की जा सकेगी।
