प्रदेश कांग्रेस की बैठक में बोला सरकार पर तीखा हमला

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश आज़ाद हुआ, लेकिन वर्तमान समय में उनकी विचारधारा और मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रहे हैं और देश की मूल भावना को आघात पहुंचा रहे हैं। बैठक में संगठन को मजबूत करने, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान की रक्षा करने तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को कांग्रेस के घोषणापत्र में प्रमुख स्थान देने की मांग रखी गई। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सशक्त आंदोलन की बात कही गई।
