आपदा प्रभावित परिवारों की क्षति का आंकलन करेगी उच्च स्तरीय समिति: डॉ. धन सिंह


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को अपने शासकीय आवास पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने थलीसैंण विकासखंड के 29 आपदा प्रभावित परिवारों की क्षति का उच्च स्तरीय समिति से आंकलन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को आपदा नीति के तहत शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा।
डॉ. रावत ने आपदा से क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों, पुलों और पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन एवं पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाबों क्षेत्र में हो रहे भू-धसाव का टीएचडीसी से स्थलीय सर्वेक्षण कराकर आवश्यक ट्रीटमेंट कराने को कहा। मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 (बुआखाल-बैजरों) के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा। उन्होंने भिड़ाहस्यूडी, विडोलस्यूं एवं ढिक्वाल गांव पेयजल पंपिंग योजना को शीघ्र पूरा कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, प्रमुख अभियंता लोनिवि राजेश चंद्र शर्मा, मुख्य अभियंता पेयजल निगम संजय सिंह समेत आपदा प्रबंधन, जल संस्थान, वन विभाग, पीएमजीएसवाई और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!