यूटेट परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने यूटेट परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज, कलाबड़ में आयोजित न्ज्म्ज् परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दिए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे और जांच व पूछताछ की। जांच में सामने आया कि हिमांशु चौहान (31) निवासी नगीना देहात, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, अभ्यर्थी विशाल कुमार निवासी काशीपुर, ऊधमसिंहनगर के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य चंदन सिंह की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 237/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में एसएसआई शशि भूषण जोशी, हेड कांस्टेबल शूरवीर सिंह और होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे।
