हेम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट की पाइप फटने से सड़क क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में दहशत

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नंदानगर विकासखंड के बनाला ग्राम पंचायत क्षेत्र में हेम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो के कारण कई टन पानी बाहर आने से अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के चलते आसपास के क्षेत्र और आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली सड़क को नुकसान पहुंचने की सूचना है। ग्रामीणों के अनुसार इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में जान-माल के खतरे की आशंका बनी हुई है। क्षेत्र में ग्रामीणों के चरागाह और जंगल भी हैं।
ग्रामीणों ने पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार ओवरफ्लो और पाइप फटने की घटनाओं से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना लोक निर्माण विभाग और जिलाधिकारी चमोली को दी गई, जिसके बाद पानी का बहाव बंद कराया गया। कुछ घंटे बाद सड़क पर यातायात भी अस्थायी रूप से सुचारु कर दिया गया। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की जांच और स्थायी समाधान की मांग की है।
