वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरण प्राथमिकता से करें निस्तारित

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मोटर मार्गों के लिए वन भूमि हस्तांतरण और क्षतिपूरक वृक्षारोपण से जुड़े मामलों की समीक्षा हुई। डीएम ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव एवं अभिलेख तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरक्षित वन भूमि से संबंधित सूचना ’’15 सितंबर 2026’’ तक निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा। सभी अभिलेखों के सत्यापन और उपखंड स्तर पर समितियां गठित कर सूचना संकलन समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एडीएम शैलेन्द्र नेगी, डीएफओ हिमांशु बागड़ी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
