वार्ड तीन की एकतरफा जीत, वार्ड नौ ने पेनाल्टी शूटआउट में मारी बाजी
पौड़ी। जिला प्रशासन और नगर पालिका के तत्वावधान में आयोजित शरदोत्सव की वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में वार्ड संख्या तीन की टीम ने वार्ड छह को 7-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में वार्ड नौ ने पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड पांच को 13-12 से पराजित किया।
पहले मैच का शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने किया। वार्ड तीन की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए सात गोल दागे। वहीं वार्ड नौ और वार्ड पांच के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक 3-3 की बराबरी पर रहा। पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड नौ ने बाजी मारी। इस मैच का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने किया।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी सहित सभासदों एवं पालिका कर्मचारियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
