बिजली-पानी के निजीकरण और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
विकासनगर। बिजली की बढ़ती दरों, स्मार्ट मीटर, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बढ़े बिल और पेयजल एवं सीवर लाइनों के निजीकरण के विरोध में कांग्रेस ने हाईवे ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह, मंत्री प्रसाद नैथानी और आर्येंद्र शर्मा सहित कई नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की व्यवस्थाएं निजी कंपनियों को सौंपकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की। प्रसाद नैथानी ने भ्रष्टाचार, खनन और भू-माफिया के मुद्दे उठाए। नवप्रभात ने कहा कि उनके पिता ब्रह्मदत्त और गुलाब सिंह के प्रयासों से क्षेत्र में पेयजल और सीवर लाइन की व्यवस्था विकसित हुई थी। उन्होंने टूटी सड़कों, बढ़े हुए पानी के बिलों और स्मार्ट मीटरों पर चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर निजीकरण से जुड़े फैसलों को पलटकर व्यवस्थाएं सरकारी नियंत्रण में लाएगी। कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। धरने में जिला अध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
