उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में 12.31 लाख के गबन का आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में खाताधारकों से जमा कराने के नाम पर ली गई धनराशि का गबन करने के आरोपी दीपक बढ़ई को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करता था और विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से प्राप्त कुल 12,31,458 रुपये बैंक में जमा नहीं कर हड़प लिए।
24 मई 2026 को बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर मामले की शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी और साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 29 वर्ष, को 9 सितंबर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक और कांस्टेबल तेज सिंह शामिल रहे।
