आस्था की यात्रा में सुरक्षा की जिम्मेदारी, देव डोलियों के साथ कदम से कदम मिला रही पुलिस-एसडीआरएफ

चमोली। श्री राजराजेश्वरी मां नन्दा जात यात्रा में देव डोलियों के साथ श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्गों से आस्था और भक्ति के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा की सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान भी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं। दुर्गम पगडंडियों, गधेरों, संकरे और फिसलन भरे रास्तों पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
देव डोलियों के साथ पैदल चल रहे पुलिस जवान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। वहीं, एसडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रात्रि विश्राम पड़ाव स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल एवं एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों और लगातार पैदल चलने के बावजूद सेवाभाव के साथ ड्यूटी पर डटे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। 10 सितंबर को परगना दशोली की डोली पगना, परगना बधाण की डोली सूना तथा परगना बण्ड क्षेत्र की डोली किरोली में रात्रि विश्राम करेगी।
