ट्रैकिंग और साइक्लिंग दल रवाना, पर्यटन को रोजगार से जोड़ने पर जोर

पौड़ी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से जनपद में ट्रैकिंग, साइक्लिंग और बर्ड वाचिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया। विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैकिंग एवं साइक्लिंग दलों को रवाना किया। कार्यक्रम का समापन रांसी स्थित कायरा कैलाश होटल में आयोजित गोष्ठी के साथ हुआ।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए पर्यटन विकास में जनभागीदारी, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और विभिन्न हितधारकों के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पौड़ी में ट्रैकिंग, साइक्लिंग, बर्ड वाचिंग, साहसिक और ग्रामीण पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। होम-स्टे और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में साहसिक पर्यटन पार्क तैयार किया जा रहा है, जबकि जेल म्यूजियम का कार्य भी प्रगति पर है। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को स्टोरी टेलिंग आधारित पर्यटन से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत के कारण पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ट्रैकिंग, साइक्लिंग और बर्ड वाचिंग जैसी गतिविधियां स्थानीय स्थलों को पहचान दिलाने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ा रही हैं। जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि ट्रैकिंग दल बुवाखाल से झंडीधार होते हुए रांसी पहुंचा, जबकि साइक्लिंग रैली पर्यटन विभाग परिसर से विभिन्न मार्गों से होकर कायरा कैलाश होटल पहुंची। बर्डिंग गाइड राजीव बिष्ट और वन्यजीव विशेषज्ञ जॉय हुकिल ने प्रतिभागियों को जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण की जानकारी दी।
