डॉ. धन सिंह रावत ने आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, क्षतिग्रस्त मार्गों का लिया जायजा


पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को राठ क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। क्षेत्र में लगातार बारिश से हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव करते हुए आपदा प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता दी।
पैठाणी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद डॉ. रावत चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव पहुंचे और आपदा प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली। कई स्थानों पर सड़क और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बावजूद उन्होंने पैदल चलकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त रास्तों समेत अन्य समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। डॉ. रावत ने कहा कि क्षतिग्रस्त मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली के निर्देश दिए।


इसके बाद डॉ. रावत ने पैठाणी में भाजयुमो के युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश नेगी, मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!