सरकारी भूमि और परिसंपत्तियों की निगरानी, अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार गोपेश्वर में उत्तराखंड गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम (यूके-गेम्स) की समीक्षा बैठक लेते हुए सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियां जनहित से जुड़ी हैं, इसलिए इनके संरक्षण और अतिक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी जरूरी है। यूके-गेम्स पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक अलर्ट की मौके पर जांच एवं सत्यापन कर अद्यतन स्थिति पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को अलर्ट और कार्रवाई की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। जांच में अतिक्रमण, भूमि उपयोग परिवर्तन या अन्य अनियमितता मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
