अभियान चलाकर किया 547 किरायेदारों और मजदूरों का सत्यापन

टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में 20 और 21 सितंबर को जनपद के सभी थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 12 थाना-कोतवाली क्षेत्रों में कुल 547 किरायेदारों एवं मजदूरों का सत्यापन किया गया। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 108 चालान किए गए। इनमें 42 चालानों से 14,750 रुपये शमन शुल्क वसूला गया, जबकि 66 चालान न्यायालय भेजे गए। मुनिकीरेती में सर्वाधिक 182, चंबा में 67 और नई टिहरी में 59 सत्यापन किए गए। पुलिस ने मकान मालिकों, होटल-ढाबा संचालकों और ठेकेदारों से किरायेदारों एवं मजदूरों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की।
