समाधान दिवस में 120 शिकायतें दर्ज, डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश


देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज हुईं। भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे, मोबाइल टावर, पारिवारिक उत्पीड़न और सड़क समस्याओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
ऋषिकेश भजन आश्रम के जर्जर भवनों में करीब 90 किराएदारों के रहने का मामला सामने आने पर डीएम ने एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि धोखाधड़ी के मामले में एसडीएम सदर तथा धनराशि वापस न करने की शिकायत पर सीओ रायपुर को जांच के निर्देश दिए गए। आवासीय क्षेत्रों में मोबाइल टावर और पंचायत भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर एमडीडीए व जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पारिवारिक उत्पीड़न के मामलों में पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और सीएम घोषणाओं से संबंधित शिकायतों का भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


जनता मिलन में 19 शिकायतें दर्ज

पौड़ी। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ अशोक जोशी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। सड़क, राजस्व, पेयजल, खाद्य आपूर्ति, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। सीडीओ ने शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। दाणोधार-खंडाह और डांग-उज्याड़ी मार्गों के क्षतिग्रस्त पुश्तों के निरीक्षण के निर्देश दिए गए। गैस आपूर्ति गांवों तक पहुंचाने तथा पाटीसैंण-पोखड़ा बस सेवा बहाल करने के संबंध में भी कार्रवाई के निर्देश दिए। सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


जन संवाद कार्यक्रम में 21 शिकायतें दर्ज

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें पांच का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिकायतों में पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण का मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम विभाग से विवाह सहायता तथा बारिश से आवासीय भवन को खतरे से जुड़े मामले शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं

नई टिहरी। जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। इसमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 58 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा निस्तारित मामलों को पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन व जीपीएफ प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा। अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने सुनीं 27 लोगों की शिकायतें

चमोली। जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 27 लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जस्यारा निवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम परिवर्तन, रौली निवासी ने स्वरोजगार के लिए विद्यालय भवन, सिरौं निवासी ने एनओसी और चेपड़ो निवासी ने चौन लिंक फेंसिंग की मांग रखी।


जनसुनवाई में 51 शिकायतें दर्ज

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न विभागों से संबंधित 51 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 26 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजी गईं। शिकायतों में भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और सड़क संबंधी मामले शामिल रहे। एडीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में एल-1 की 436 और एल-2 की 112 शिकायतें लंबित मिलीं। 36 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!