त्योहारी सीजन में सुरक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस सतर्क

उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने स्वर्णकारों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान व्यापारियों को चोरी, लूट, टप्पेबाजी और धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें चालू रखने, कीमती सामान सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही नकदी और ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि करने तथा आभूषणों के परिवहन के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि त्योहारी सीजन में व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सतर्कता लगातार जारी रहेगी।
