स्कूल की आड़ में बिना मान्यता संचालित मिली महेश सरला चिल्ड्रन्स एकेडमी

पौड़ी। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत विद्यालयों के भौतिक सत्यापन के दौरान बीआर मॉडर्न स्कूल में कई अनियमितताएं सामने आईं। अभिलेखों के अनुसार विद्यालय को वर्ष 2024 से 2029 तक कक्षा आठ तक मान्यता प्राप्त है। सत्यापन में आरटीई के तहत प्रवेशित पांच विद्यार्थी करीब एक किलोमीटर दूर बिना मान्यता संचालित महेश सरला चिल्ड्रन्स एकेडमी में अध्ययनरत मिले। बड़ी संख्या में अन्य बच्चे भी वहां पढ़ते मिले। संस्थान यू-डायस पर पंजीकृत नहीं पाया गया और शुल्क भी इसी नाम से लिया जा रहा था। निरीक्षण में प्री-प्राइमरी कक्षाएं गैलरी-बरामदों में संचालित मिलीं तथा सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। एनसीईआरटी की जगह महंगी पुस्तकें और कम आयु में प्रवेश के मामले भी मिले। जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट ने बताया कि विद्यालय से स्पष्टीकरण मांगा गया है और नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छात्रों के शैक्षणिक हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
