स्कूल में स्मार्ट कक्षाओं से निखर रही नौनिहालों की प्रतिभा


टिहरी। पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार आधुनिक शिक्षा और बेहतर सुविधाओं का प्रेरक उदाहरण बन रहा है। विद्यालय में 114 बच्चे अध्ययनरत हैं, जिनमें 59 बालिकाएं और 55 बालक हैं। छह शिक्षक बच्चों को विषयवार शिक्षा दे रहे हैं। स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल बोर्ड के माध्यम से चित्र, वीडियो व डिजिटल सामग्री से पढ़ाई को रोचक और सहज बनाया जा रहा है।
विद्यालय की तीन कक्षाओं में स्मार्ट टीवी, पुस्तकालय कॉर्नर, छह कंप्यूटर और लैपटॉप की सुविधा उपलब्ध है। शिक्षा के साथ योग, खेल, संगीत, स्कूल बैंड और सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है। आठ विद्यार्थी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। ‘जादू का पिटारा’ के माध्यम से गणित और विज्ञान जैसे विषयों को गतिविधि आधारित तरीके से समझाया जाता है। विद्यालय को वर्ष 2024-25 में प्रदेश स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार मिला, जबकि जनपद स्तर पर दो बार सम्मानित किया जा चुका है। विद्यालय में आरओ, अलग शौचालय, सीसीटीवी और फायर सेफ्टी जैसी सुविधाएं भी हैं। प्रधानाचार्य मोर सिंह असवाल ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!