अंतर्राज्यीय गिरोह पर चमोली पुलिस का शिकंजा, गैंग लीडर गिरफ्तार


चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को टप्पेबाजी का शिकार बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध चमोली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर सुनील कुमार (26) निवासी भरतपुर, राजस्थान, हाल निवासी भटिंडा, पंजाब को देवप्रयाग से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को कोतवाली बद्रीनाथ में टप्पेबाजी का मामला दर्ज हुआ था। विवेचना में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों कृष्ण कुमार, दिया, सुनील कुमार और ललित कुमार को पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ में केदारनाथ धाम में भी टप्पेबाजी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई, जिस संबंध में सोनप्रयाग थाने में मामला दर्ज है। पुलिस ने गैंगचार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी निगरानी के आधार पर गैंग लीडर को गिरफ्तार किया। एसपी ने कहा कि आस्था की आड़ में संगठित अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई टीम में महादेव उनियाल, चित्रगुप्त सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!