सीडीओ ने किया नरेंद्रनगर में सामुदायिक उद्यमों का निरीक्षण

टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने नरेंद्रनगर विकासखंड में प्रगति स्वायत्त सहकारिता के तहत संचालित सामुदायिक उद्यमों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रैगन फ्रूट उत्पादन क्षेत्र और किराड़ा स्थित बकरी पालन इकाई की प्रगति व व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ड्रैगन फ्रूट क्षेत्र में पौधों की गुणवत्ता बेहतर मिलने पर सीडीओ ने सिंचाई व्यवस्था के लिए ड्रिप इरीगेशन और जियो लाइन टैंक स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद कर अधिक महिलाओं को लाभकारी फसलों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी फसलों से जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकता है। बकरी पालन इकाई के निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक प्रकाश व्यवस्था के लिए दो सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।
