सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 29 लोगों का चालान

चमोली। सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाया। आमजन की शिकायतों और व्यापार संघ की बैठक में उठी समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब का सेवन कर रहे और हुड़दंग मचा रहे 29 व्यक्तियों को पुलिस ने मौके पर पकड़ा। सभी के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 13,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आमजन को परेशान करने, हुड़दंग मचाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
