मोटरसाइकिलों की भिड़ंत के बाद गहराई में पलटी प्राइवेट बस, चार गंभीर घायल


विकासनगर/देहरादून। शिमला बायपास रोड पर शेरपुर गांव के पास श्रीराम कॉलेज के निकट मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत के बाद पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी जगह में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 18 से 20 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। बताया जा रहा है कि हादसे में चार यात्रियों के अलावा बस चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि घायलों की संख्या और स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर मोटरसाइकिलों की भिड़ंत के बाद बस चालक के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा। हादसे से मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की भी सूचना है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सुरक्षा और गति नियंत्रण के उपाय किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!