रतूड़ा में 48.84 करोड़ से बनेगा राज्य अतिथि गृह, रेसकोर्स में 28.07 करोड़ से 48 नए आवास

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य संपत्ति विभाग ने सरकारी परिसंपत्तियों के आधुनिकीकरण और पर्यावरण अनुकूल विकास को लेकर कार्ययोजना तेज कर दी है। सचिव राज्य संपत्ति एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठकों में रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और देहरादून के रेसकोर्स में 48 नए श्रेणी-3 आवासों की योजना की समीक्षा की गई।
रतूड़ा में करीब 48.84 करोड़ रुपये की लागत से राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है। सचिव ने कॉन्फ्रेंस हॉल को आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, बड़े फ्लैट टीवी समेत तकनीकी सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण के तहत एनजीटी मानकों के अनुसार निर्माण स्थल नदी से न्यूनतम 200 मीटर दूर रखने और आवश्यक प्रमाण-पत्र अभिलेखों में शामिल करने को कहा गया।
वहीं रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में जर्जर भवन हटाकर करीब 28.07 करोड़ रुपये से 48 नए श्रेणी-3 आवास बनाए जाएंगे। परियोजना में कम अनुरक्षण लागत वाली निर्माण सामग्री, हरित भवन मानकों और वर्षा जल संचयन प्रणाली को प्राथमिकता दी जाएगी। सचिव ने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय वास्तुशैली को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
