पुलिस ने 15 गुम मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धरासू पुलिस ने करीब 1.90 लाख रुपये कीमत के 15 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस टीम ने पोर्टल के साथ तकनीकी एवं फील्ड स्तर के प्रयासों के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक और मॉनीटर किया।
लगातार तकनीकी निगरानी और पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप अलग-अलग स्थानों से सभी 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बुधवार को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को कोतवाली धरासू बुलाकर विधिवत सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और उत्तरकाशी पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं तकनीकी दक्षता की सराहना की।
