पुलिस महानिरीक्षक ने दिए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
टिहरी गढ़वाल। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने शनिवार को पुलिस लाइन चंबा में टिहरी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं तथा समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
आईजी ने आकस्मिक और उपार्जित अवकाश के प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार समय से कार्रवाई करने, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा संबंधी पत्रावलियां समय पर पूरी करने और लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता (टीए-डीए) के लंबित बिलों के भुगतान में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। सम्मेलन में एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद की पुलिस व्यवस्था, विभागीय आवश्यकताओं और लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। आईजी ने कहा कि पुलिसकर्मी विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समय पर समाधान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
