सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा कर दिए सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के निर्देश
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें जनवरी से सितंबर 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं और उनकी रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सितंबर तक परिवहन विभाग ने 5,155 और पुलिस विभाग ने 46,432 चालान किए हैं। सार्वजनिक सेवायानों से जुड़ी दुर्घटनाओं में प्रभावितों को शत-प्रतिशत आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है, जबकि हिट एंड रन के मामले शून्य रहे।
सितंबर में हुई चार दुर्घटनाओं में से दो तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई थीं। डीएम ने दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्रह्मानंद मोड़ पर ढलान का उपचार प्राथमिकता से कराने को कहा। बैठक में चारधाम यात्रा से पहले पहाड़ी मार्गों पर वाहन संचालन, ट्रिप कार्ड और लाइसेंस संबंधी प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
