नन्दा जात यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बुधवार को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जनपद की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नन्दा जात यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संचालन में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने दुर्गम एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों में कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी।
छात्रसंघ चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों की भी प्रशंसा की गई। आगामी चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण और पितृ पक्ष के दौरान बद्रीनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने तथा संभावित वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर भी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं और मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया। नन्दा जात यात्रा में उत्कृष्ट कार्य के लिए निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद चौरसिया और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी को ‘पुलिस मैन ऑफ द मंथ’ चुना गया।
