नैनीताल के डीईओ गिरिजा शंकर का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक


पौड़ी/रुद्रप्रयाग। जनपद नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक एवं असमय निधन से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के साथ ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सूचना महानिदेशक बंसीधर तिवारी सहित पौड़ी और रुद्रप्रयाग के जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की
पौड़ी के जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी का निधन सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि एक कुशल अधिकारी के रूप में जोशी की सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं, रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने भी जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके आकस्मिक निधन से विभाग ने एक कर्मठ अधिकारी खो दिया है। जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। दोनों जनपदों के सूचना कार्यालय परिवार और पत्रकारों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

डीईओ के निधन पर पत्रकारों ने जताया शोक

हरिद्वार। नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड ने नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह सहित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। रतीलाल शाह ने कहा कि जोशी सरल, सहज, खुशदिल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार सदैव आत्मीय और सहयोगात्मक रहा। उनके निधन से सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ अधिकारी व संवेदनशील इंसान खो दिया है। पत्रकारों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!