गृहमंत्री से कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह ने की शिष्टाचार भेंट


नई दिल्ली/देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी प्रयासों और हाल में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों की सफलता की जानकारी दी। उन्होंने सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लागू 33 प्रतिशत आरक्षण की सफलता से भी अवगत कराया। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने और मिलेट उत्पादन को प्रोत्साहन देने का कार्य किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चम्पावत में जिला सहकारी बैंकों के संचालन तथा सहकारिता क्षेत्र को और सशक्त बनाने से जुड़े विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। डॉ. रावत ने बताया कि अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन के विस्तार और नवाचारों के लिए उनकी पीठ थपथपाई। साथ ही सहकारिता चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए उनके नेतृत्व की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!