मॉक ड्रिल कर परखी आपदा प्रबंधन की तैयारी

टिहरी। सुरकंडा रोपवे कद्दूखाल में आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। तकनीकी खराबी के कारण रोपवे में पर्यटकों के फंसने की सूचना पर रेस्क्यू टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। रोपवे टीम ने एक, एनडीआरएफ ने दूसरे तथा एनडीआरएफ और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने तीसरे पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला। अंतिम पर्यटक मिथुन दास को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। घबराहट के कारण सांस लेने में दिक्कत होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर सीएचसी थत्यूड़ पहुंचाया। मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित रेस्क्यू और चिकित्सा सहायता की तैयारियों का अभ्यास किया गया। एसडीएम अंशुल भट्ट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
